CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, जिला मजिस्ट्रेट डॉ0 दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आगामी मुहर्रम एवं कांवड यात्रा के पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न समुदायों के संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की गयी। बैठक में समिति के सदस्यों से समस्याओं एवं उनके निराकरण संबंधी सुझाव लिए। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी अपनी अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करेंगे। प्रत्येक अधिकारी कर्मचारी के पास शिविर संचलाको के नंबर अवश्य होना चाहिए। सभी अधिकारी कर्मचारी अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता से करें, किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य ना होगी। जनपद में मंदिरों की साफ-सफाई के साथ पथ प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाए। विद्युत विभाग ध्यान रखें कि जल चढ़ाने के लिए जाने वाले मार्गों पर विद्युत तार यदि जर्जर हैं तो उन्हें बदला जाए या फिर सुनिश्चित किया जाए कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। इसके साथ ही रास्ते में पडने वाले ट्रान्सफरों की बेरीकेटिंग करना सुनिश्चित करें। इसी के साथ विद्युत खम्भों की मजबूती से प्लास्टिक टेपिंग की जाए। डीएम डॉ0 दिनेश चन्द्र ने कहा कि ग्राम स्तर पर लेखपाल एवं सचिव से सहायाता लें। संवेदनशील क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से संवाद बनाकर रखें जिससे यात्रा में आने वाली किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कर चल रही तैयारियों कों परखते रहें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि मिशन मोड में कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें जिससे कांवड यात्रा सकुशल शांतिपूर्वक सम्पन्न हो सकें। सभी सम्बन्धित विभाग शिविरों के लगाने के लिए परमिशन देने में आयोजकों को बेवजह परेशान न करें। उन्होंने सभी शिविर आयोजकों से अपील करते हुए कहा कि शिविरों में प्लास्टिक के समान का प्रयोग न किया जाए। खाने पीने के बर्तनों में स्टील या कागज के बर्तन प्रयोग में लाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी शिविर आयोजक को बर्तनों की आवश्यकता हो तो वह अवगत करा सकते है। जिलाधिकारी डा.दिनेश चन्द्र की प्लास्टिक मुक्त कांवड यात्रा का सभी कांवड संघ के पदाधिकारियों ने एक सुर में समर्थन किया। 
जिलाधिकारी डा.दिनेश चन्द्र ने निर्देश दिये कि कांवड मार्गों पर शिविरों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु आकस्मिक स्थिति में वाहन में जनरेटर की व्यवस्था, कांवड मार्गों के पास से झाडियों की कटाई एवं पेडों की छंटाई, जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस की व्यवस्था, मार्गों का गड्ढामुक्त करने, सडकों के डिवाईडरों पर रिफलेक्टर लगवाने, नहरों पर गहरे स्थानों पर संकेतक लगवाने, महिला एवं पुरूषों के लिए अलग-अलग मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने, दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करवाना सुनिश्चित किया जाए। डीएम डा.दिनेश चन्द्र ने कहा की साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाये रखते हुये पर्व को रीत-रिवाज के साथ मनायें। यह क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारा व गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है। सभी धर्म शांति का संदेश देते हैं। अगर कहीं पर कोई समस्या या विवाद है तो जिला प्रशासन को अवगत कराएं। समय रहते ही समस्या का उचित निस्तारण किया जाएगा। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कि एक दूसरे की धार्मिक भावनाएं आहत हों। ताजिया परंपरागत मार्गों पर से ही निकाले जाएं। ताजिया की ऊंचाई मानक के अनुरूप रहे। अनावश्यक रूप से कोई नई परंपरा ना डालें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी भी समुदाय की भावनायें आहत हों। जिला मजिस्ट्रेट डा.दिनेश चन्द्र ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को साफ सफाई व्यवस्था एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। जुलूस के दौरान किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, विद्युत विभाग तारों को ताजियों की ऊॅचाई के हिसाब से दुरूस्त कर लें। साथ ही पथ प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। डीएम डॉ0 दिनेश चन्द्र ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि जुलूस वाले मार्गों का निरीक्षण कर सुनिश्चित किया जाए कि कहीं पर भी गड्ढे और जलभराव की स्थिति न हो। संबंधित सभी अधिकारी समिति के सदस्यों से निरंतर सम्पर्क में रहें। संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 विपिन ताडा ने कहा कि आयोजक इस बात का ध्यान रखें कि त्यौहारों को इस प्रकार से मनाया जाए कि किसी अन्य को असुविधा न हो। उन्होंने सभी कांवड संघ के पदाधिकारियों को कहा कि किसी भी कार्य को करने से पहले अनुमति अनिवार्य रूप से लें जिससे जिला प्रशासन समय से आपका सहयोग कर सके। इसी के साथ शिविरों में सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही जिससे सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबन्द हो सके। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्यौहारों से पहले संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेकर समय रहते कमियों को पूर्ण कर लिया जाए। इस अवसर पर नगर आयुक्त संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी, एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार, पूर्व विधायक सुरेन्द्र कपिल, दिनेश सेठी, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन राजेश जैन, सरफराज खान, जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद, ब्रित चावला, आमिर खान, डॉ0 अतहर इकबाल जैदी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।