बकरीद पर ईदगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की
इस दाैरान पर्व की एक-दूसरे को बधाई दी गई, बच्चे भी नमाज पढ़ने सजधज कर पहुंचे
CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, बकरीद पर ईदगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की। इस दाैरान पर्व की एक-दूसरे को बधाई दी गई, बच्चे भी नमाज पढ़ने सजधज कर पहुंचे। बकरीद पर्व जनपद में हर्षल्लास से मनाया जा रहा है। सहारनपुर जिले में महानगर में अंबाला रोड स्थित ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करने पहुंचे और अल्लाह की इबादत में हजारों हाथ उठे। वहीं, अनेक मस्जिदों में नमाज अदा की गई। देश में खुशहाली और तरक्की की दुआ की गई। इसके बाद कुर्बानी दी गई। परिवार के सदस्यों के साथ बच्चे भी सजधजकर नमाज अदा करने पहुंचे। वहीं, पुलिस- प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। अंबाला रोड स्थित ईदगाह पर नमाज पढ़ने के लिए लोग सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। शहर काजी नदीम अख्तर ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में खुशहाली और अमन चैन की दुआएं मांगी गई। इस दौरान पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में नमाज अदा कराई। इसी तरह महानगर की मस्जिदों में भी लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। ईदगाह के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। अधिकारी भी पल-पल का जायजा लेते रहे। ईदगाह में नमाज संपन्न होने के बाद भीड़ को देखते हुए अंबाला रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को कुछ देर के लिए रोका गया। उनको अन्य इलाकों से निकाला गया। यातायात व्यवस्था को ट्रैफिक पुलिसकर्मी घंटाघर से लेकर ईदगाह तक चप्पे-चप्पे तैनात रहे, जो यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने मेें लगे रहे।
बकरीद पर महानगर में रौनक दिखी। बच्चे, युवा और बड़े-बुजुर्ग नए परिधान पहनकर घर से निकले। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर बकरीद की बधाई दी। युवाओं में अत्याधिक उत्साह नजर आया। बच्चों और युवाओं ने फोटो खींचकर सोशल मीडिया अपलोड किए।