CURATED BY – MOHMMAD MUNEER | CITYCHIEFNEWS

शहडोल, ब्यौहारी के वन विहार ढाबा में खड़े ट्रक से डीजल चोरी का मामला सामने आया है, ट्रक चालक ने मामले की शिकायत थाने में की है। चालक ने बताया कि वह सतना से लोडिंग करने खाली ट्रक लेकर ब्यौहारी पहुंचा था,रात करीब 9 बजे उसने ढाबे के समीप खाना खा कर ट्रक को खड़ा कर सो गया, सुबह जब उठा तो ट्रक के टैंक से डीजल चोरी हो चुका था।
जिले के ब्यौहारी सहित आसपास के थाना क्षेत्र में हाईवे में खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी का मामला आम हो गया है, आए दिन ट्रक के टैंक से डीजल चोरी की शिकायतें आ रही है कुछ मामलों पर तो पुलिस बिना शिकायत लिए ही ट्रक चालकों को थाने से भगा देती है, वन विहार ढाबा में खड़े ट्रक के टैंक से लगभग 40 लीटर डीजल चोरी हुआ है, जिसकी शिकायत ट्रक चालक के द्वारा थाने में की गई है। ट्रक चालक जीवनलाल साकेत ने बताया कि वह सतना जिले का रहने वाला है, और खाली ट्रक को लेकर ब्यौहारी आया था, रात 9 बजे वह वन विहार ढाबे में ट्रक को खड़ा करके ढाबा में खाना खाकर सो गया, चालक ने बताया कि अन्य स्थानों में इसी तरह ट्रक को खड़ा करके ढाबे में खाना खाकर रात्रि विश्राम चालक करते हैं, और सुबह होते ही अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाते हैं। इसी तरह उसने वन विहार ढाबे में भी ऐसा ही किया, लेकिन उसे यह पता नहीं था कि यह ढाबे में उसके ट्रक से डीजल चोरी हो जाएगा। जब सुबह डीजल चोरी होने की जानकारी चालक को लगी तो चालक परेशान हो गया क्योंकि उसे माल लोड कर सतना जाना था, और उसके ट्रक में इतना डीजल नहीं बचा था कि वह अपने गंतव्य जा सके। चालक ने मामले की जानकारी ढाबा में मौजूद कर्मचारियों को दी लेकिन ढाबा कर्मचारियों ने उसे वहां से भगा दिया। और उसकी बात भी नहीं सुनी गई। परेशान चालक थाने पहुंचा और लिखित रूप में थाने में एक शिकायत दी है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्यौहारी क्षेत्र में दिन प्रतिदिन अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, बताया गया की वन विहार ढाबे में रात होते ही आसामाजिक तत्वों का डेरा बना रहता है। ढाबे में रात होते ही शराब खोरी भी की जाती है, इस मामले की जानकारी पुलिस को है लेकिन पुलिस कार्यवाही करने से कतराती है। कई बार रात्रि में यहां बस यात्रियों के साथ शराबियों ने मारपीट की घटना को भी अनजान दिया है। यह वही ढाबा है जहां एक यात्री बस में सवार यात्री का 37 लाख रूपए से भरा बैग बस से चोरी हुआ था, यह घटना बीते माह की है, इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली है।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया
ट्रक से डीजल चोरी की जांच की जा रही है। ढाबों में लगातार रात्रि पेट्रोलिंग पुलिस टीम करती है और आसामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की जाएगी।
अरुण पाण्डेय - थाना प्रभारी, ब्योहारी