गल्ला व्यवसायी की दुकान में 15 लाख की लूट
वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर, मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े हथियार के बल पर गल्ला व्यवसायी की दुकान से 15 लाख रुपये लूट लिए। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना कांटी थाना क्षेत्र के पुरानी चौक स्थित जय माता दी ग्रेन स्टोर में हुई।
बताया गया है कि सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी दुकान में घुसे। तीनों के पास हथियार थे। दुकान में उस वक्त मौजूद गल्ला व्यवसायी पप्पू गुप्ता और उनके दो स्टाफ को उन्होंने हथियार के बल पर बंधक बना लिया। अपराधियों ने गल्ले में रखे करीब 15 से 20 लाख रुपये लूट लिए। वहीं, मौके पर मौजूद ग्राहक मनोज कुमार से भी 35 हजार रुपये छीन लिए और उसके साथ मारपीट की।
घटना के बाद तीनों अपराधी मीनापुर की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थानेदार रामनाथ प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
पुलिस दुकान और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। सीसीटीवी में तीनों अपराधी कैद हो गए हैं। फुटेज के अनुसार, पहला अपराधी लाल शर्ट और गमछा से चेहरा ढंके हुए था, दूसरा सफेद शर्ट और टोपी लगाए हुए था, जबकि तीसरा अपराधी भी सफेद शर्ट में था और उसने भी गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था। वे झोले में पैसे भरते और ग्राहक के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। व्यवसायी पप्पू गुप्ता ने बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में चोरी हो चुकी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अपराधी जल्द ही गिरफ्त में होंगे। "तीन अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे और हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम देकर मीनापुर की ओर भाग निकले। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और छापेमारी जारी है।