वॉशिंगटन, रूस के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिका लगातार यूक्रेन की मदद कर रहा है. खबर है कि एक बार फिर यूएस यूक्रेन की बड़ी मदद करने जा रहा है. बाइडेन प्रशासन यूक्रेन को एडवांस इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किट भेजने की योजना बना रहा है. यह एडवांस इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हवाई हथियारों को ‘स्मार्ट बम’ में परिवर्तित करता है. यह उच्च स्तर की सटीकता के साथ रूसी सैन्य ठिकानों को आसानी से निशाना बना सकता है.

वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इस एडवांस इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किट में सटीकता के लिए ग्लोबल पोजिशनिंग डिवाइस शामिल है और इसे विभिन्न प्रकार के हथियारों पर लगाया जा सकता है. इसे पेंटागन जॉइंट डायरेक्ट अटैक म्यूनिशन या JDAM कहा जाता है. मालूम हो कि अमेरिकी सेना ने 2,000 पाउंड तक के बमों पर इस तकनीक का उपयोग किया है. आमतौर पर इसे बमवर्षक विमानों और लड़ाकू विमानों के साथ शामिल किया जाता है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन या उनके किसी शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने यूक्रेन को प्रस्तावित ‘स्मार्ट बम’ देने की मंजूरी दी है या नहीं. लेकिन सूत्रों के हवाले से वॉशिंगटन पोस्ट ने इसको रिपोर्ट किया है. मालूम हो कि यूक्रेनी वायु सेना मुख्य रूप से सोवियत-युग के मिग जेट्स पर निर्भर करती है, और पेंटागन ने नए पश्चिमी विमान प्रदान करने के बजाय उन्हें एडवांस करने के तकनीकों की मांग की है.

क्या है ‘स्मार्ट बम’
स्मार्ट बम को स्मार्ट मिसाइल भी कहा जाता है. यह सटीक-निर्देशित निशाना लगाने में माहिर होता है. एक नियमित बम की तरह एक स्मार्ट बम भी गुरुत्वाकर्षण बल द्वारा लक्ष्य पर गिरता है. लेकिन इसके पंखों में नियंत्रण सतहें होती हैं जो मार्गदर्शन आदेशों के जवाब में आगे बढ़ती हैं, जिससे बम के गिरने के एंगल या उसके गिरने की दिशा में समायोजन किया जा सकता है. स्मार्ट बम और मिसाइल छोटे विमानों और कम संख्या में विमानों को इमारतों, किलेबंदी या पुलों जैसे स्थिर लक्ष्यों पर सफल हमले करने में माहिर बनाता है. द्वितीय विश्व युद्ध की ‘तितर बितर’ या ‘कालीन’ बमबारी तकनीकों की तुलना में कम और बड़े विस्फोटक हथियारों का उपयोग करके इन लक्ष्यों को स्मार्ट बम से नष्ट किया जा सकता है.