भुवनेश्वर, फीफा वर्ल्ड कप 2022 खत्म हो गया है. अर्जेंटीना ने फाइनल में फ्रांस को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया. यह 1986 के बाद देश का पहला और कुल तीसरा खिताब है. अर्जेंटीना ने 36 साल बाद विश्व कप जीता. इससे पहले उसने 1978 और 1986 में विश्वकप हासिल किया था. वह 1930, 1990 और 2014 में उपविजेता रहा था. फुटबॉल वर्ल्ड कप के बाद फैन्स के सिर पर अब नए वर्ल्ड कप का खुमार चढ़ने के लिए तैयार है. यह वर्ल्ड कप हॉकी का है, जो भारत में खेला जाना है और इस वर्ल्ड कप के लिए टिकटों की बिक्री भी शुरू हो गई है.

जी हां… ओडिशा में अगले महीने यानी जनवरी 2023 वाले विश्व कप हॉकी की टिकटों की ऑफलाइन बिक्री सोमवार (19 दिसंबर) से शुरू हो गई है. प्रशंसकों को हालांकि, उस समय निराशा हाथ लगी जब उन्हें पता चला कि भारत के पहले तीन मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं. विश्व कप के मैच 13 से 29 जनवरी के बीच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के नवनिर्मित बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले जाएंगे. महिलाओं सहित हॉकी प्रशंसक सुबह काफी जल्दी काउंटर पर टिकट खरीदने पहुंच गए. हालांकि उन्हें भारत के मुकाबलों के टिकट नहीं मिले.

कलिंग हॉकी स्टेडियम के गेट नंबर आठ पर पहुंचे सीआर महापात्रा ने कहा, ”काउंटर पर मौजूद व्यक्ति ने कहा कि सिर्फ 13 और 14 जनवरी के मैच के टिकट उपलब्ध हैं. हालांकि इन दोनों ही दिन भारत का कोई मैच नहीं है. हमें बताया गया कि भारत के मुकाबलों के सभी टिकट बिक गए (ऑनलाइन).”

टिकटों की बिक्री कर रही वेबसाइट के अनुसार भारत के 13, 15 और 19 जनवरी को क्रमश: स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबलों के सभी टिकट बिक गए हैं. हालांकि सभी महापात्रा की तरह निराश नहीं हैं. अर्जेंटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच का टिकट खरीदने वाले अखिल दास ने कहा, ”मैं काफी खुश हूं कि मुझे विश्व कप हॉकी मुकाबला देखने का मौका मिलेगा.” टिकटों की कीमत 100 से 500 रुपये के बीच रखी गई है.

हॉकी विश्व कप में 16 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है. भारत को ग्रुप डीम में इंग्लैंड, स्पेन और वेल्स के साथ रखा गया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका, अर्जेंटीना और फ्रांस के साथ है. ग्रुप बी में बेल्जियम, जर्मनी, कोरिया और जापान को रखा गया है. ग्रुप सी में नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, मलेशिया और चिली की टीम है.