नगर निगम में नए आयुक्त नीलेश दुबे ने किया पदभार ग्रहण
पत्रकारवार्ता से चर्चा में कहा : मेरी प्राथमिकता जनप्रतिनिधि द्वारा बताए गए कार्यो को पूर्ण करना रहेगी
Curated by – YOGESH MINA | CITYCHIEFNEWS
खंडवा, नगर निगम की कामकाजी व्यवस्था अब बदली हुई दिखेगी। निगमायुक्त नीलेश दुबे ने कुर्सी पर बैठते ही कहा कि निगम के जनप्रतिनिधि और शहर के लोगों की अपेक्षाओं को कार्यान्वित करने का काम मेरा और निगम की टीम का रहेगा। टेलेंटेड और साफ विचार रखने वाले नए निगमायुक्त ने कहा कि दस साल तक मैंने मुख्यालय में योजनाओं को अंजाम दिया। अब इसे धरातल पर उतारने का काम खंडवा में मिला है।
उन्होंने कहा कि किसी का वेतन रोकना या निलंबन करना काम करवाने का तरीका नहीं है। कर्मचारी या जिम्मेदार गलती क्यों कर रहा है? इसके पीछे का कारण जानना और उसे सुधारने की हिदायत देना जरूरी होता है। खंडवा को एकदम से सफाई में 12 से 1 नंबर पर नहीं लाया जा सकता। लेकिन प्रयास और काम अभी से शुरू करना होगा। अधूरे काम पूरा करवाना, पेयजल का तरीका, टैक्स वसूली, सफाई व्यवस्था सबमें निगम के अलावा शहर वालों की इच्छाशक्ति भी जरूरी होती है।
निगमायुक्त ने कुर्सी संभालने से पहले मीडिया को अपने मोबाइल में सोमवार सुबह के फोटो दिखाए। इसमें कुछ जगह कचरा शहर में ही जलाया जा रहा था। सूखा और गीला कचरा एकसाथ एकत्रित हो रहा था। लोग भी एक ही डस्टबीन से कचरा डाल रहे थे। शहर में उन्हें धूल के गुबार की समस्या बड़ी दिखी। ओवर-ब्रिज अब हमेशा क्लीन दिखने का वादा किया। पेयजल व्यवस्था में भी महापौर और पार्षदों से मिलकर सुधार करने की जरूरत है।
कलेक्शन से लेकर डिस्पोजल तक का काम कैसे किया जाए? भोपाल में हमने योजना बनाई है, जिस पर काम प्रदेशभर में हो रहा है। भोपाल में स्वच्छ भारत मिशन के लिए किस तरह कचरा कलेक्शन किया जाएगा। उसे डिस्क्लोज कैसे करेंगे? लोगों से कचरा लेने के तरीके, गीला और सूखा कचरा एकत्रित करने के बाद उसका निपटान करने के नियम भी बनाए हैं।
मतलब साफ है कि निगमायुक्त ने प्रदेश स्तर पर नियम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका कहना है कि विभाग में एचआर रूल्स एण्ड रेग्युलेशन पर काम किया है। स्टेट वेंडर एक्ट भी बनाने पर भोपाल में काम किया, जिसे प्रदेशभर में सराहा गया है।
उन्होंने बताया कि भोपाल में जिस तरह की योजनाएं बनाईं। उसे खंडवा में भी धरातल पर उतारा जाएगा। इसमें सक्सेज जरूर मिलेगी। खंडवा शहर निगम की हर जिम्मेदारी पर खरा उतरे, ऐसा काम व प्रयास किया जाएगा। यदि बाई चांस हम, लोगों को समझाने या किसी भी तरह पूरे सफल नहीं हुए, तो भोपाल जाकर फिर योजनाओं में सुधार करेंगे, कि कहां कमी रह गई। या फिर इसमें अचडऩ कहाँ आ रही है?
समाजसेवी व पूर्व पार्षद सुनील जैन ने बताया कि नवागत आयुक्त रविवार खंडवा पहुंचे और शाम को उन्होंने अपना पदभार ग्रहण किया। सोमवार सुबह 10 बजे नगर निगम में आयोजित महिला बाल विकास के कार्यक्रम में शामिल हुए एवं 10.30 बजे कार्यालय पहुंचे और महापौर अमृता यादव से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। महापौर से चर्चा के उपरांत वे अपने कक्ष में पहुंचे। निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ही एमआईसी सदस्यों व कुछ पार्षदों ने आयुक्त श्री दुबे का स्वागत कर अपना परिचय दिया। निगम को लंबे समय बाद ऐसे निगमायुक्त मिले हैं, जो ईमानदारी से केवल अपना काम करेंगे। शहर के हित में योजनाएं अमल करवाएंगे। उन्हें भोपाल मंत्रालय की बारीकियाँ भी पता हैं। पहली बार योजनाएं बनाने वाला अफसर ही धरातल पर लागू करवाने भी आए हैं। उनका साफ कहना है कि जनप्रतिनिधि और लोग मुद्दे तय करते हैं। मैं और निगम की टीम तो इसे अमल में लाने का काम करेंगे।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड