चेन्‍नई, दक्षिण भारत के तम‍िलनाडु (Tamil Nadu) में आज रात्र‍ि को चक्रवाती तूफान ‘मैंडूस‘ (Mandous Cyclone) के चेन्नई तट से गुजरने के आसार जताया गया है. शुक्रवार सुबह के वक्‍त इस ‘गंभीर चक्रवाती तूफान‘ के गुजरने के अलर्ट के बाद से नेशनल ड‍िजास्‍टर रेस्‍पांस फोर्स (NDRF) की टीम को चेन्‍नई (Chennai) में स्‍टैंडबाय मोड पर रखा गया है. एनडीआरएफ की टीम सभी उपकरणों के साथ लैस की गई हैं ज‍िससे कि क‍िसी भी अप्र‍िय घटना से न‍िपटा जा सकेगा.

एनडीआरएफ के सब इंस्‍पेक्‍टर संदीप कुमार के मुताब‍िक उनकी टीम चेन्‍नई में मैंडूस चक्रवात की स्थिति से न‍िपटने के ल‍िए पूरी तरह से तैयार है. अध‍िकार‍ियों के मुताब‍िक चेन्‍नई अडयार इंद्रा नगर में एनडीआरएफ की टीम को पूरी तरह से तैयार रखा गया है, जहां पर बचाव सामग्री को पैक रखा गया है. यह सामग्री कठिन हालातों में राहत व बचाव कार्य में मददगार साब‍ित हो सकेगी. अध‍िकारी के मुताब‍िक राज्‍य सरकार की ओर से एक बार अलर्ट मिलने के बाद एनडीआरएफ टीम तुरंत जरूरी स्‍पॉट पर पहुंच सकेगी.

Cyclonic Storm Mandous: कैसे रखा जाता है चक्रवाती तूफान का नाम?

एनडीआरएफ अधिकारियों का यह भी कहना है क‍ि हालात खराब होने के दौरान राहत और बचाव कार्यों के ल‍िए नाव, हाई वोल्टेज मोटर, सकर मशीन, कटर मशीन आदि जैसे कई उपकरण तैयार रखे गए हैं. अध‍िकारियों का यह भी कहना है क‍ि मैंडूस चक्रवात के गंभीर होने और अधिक तीव्रता लेने की आशंका के मद्देनजर यह सब तैयार‍ियों की गई हैं.

अध‍िकार‍ियों की माने तों इससे पहले तमिलनाडु के 3 जिलों को लेकर रेड अलर्ट जारी क‍िया गया था. अलर्ट पर रहने वाले 3 जिलों में चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम और कांचीपुरम प्रमुख रूप से शामिल हैं.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के आधिकारिक बयान में यह भी संभावना जताई गई है क‍ि मैंडूस ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ की तीव्रता को बनाए रखने और उसके बाद धीरे-धीरे एक चक्रवाती तूफान के रूप में कमजोर होता जाएगा. यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा और उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के आस-पास पुडुचेरी और श्रीहरिकोटा के मध्‍य महाबलीपुरम के आसपास चक्रवाती तूफान के रूप में आज 9 द‍िसंबर की मध्यरात्रि और 10 द‍िसंबर की सुबह के वक्‍त 85 किमी प्रति घंटे की अधिकतम  स्‍पीड से गुजरेगा.

इस दौरान चक्रवात के प्रभाव के चलते उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी के अधिकांश स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है. वहीं, 10 दिसंबर को उत्तर तमिलनाडु में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश कम होने की संभावना भी जताई गई है. इससे पहले, ग्रेटर चेन्‍नई कॉरपोरेशन की ओर से एहतियाती उपाय जारी क‍िए गए थे और अगली सूचना तक सभी पार्कों और खेल के मैदानों को भी बंद करने के आदेश दिए गए हैं. ग्रेटर चेन्‍नई कॉरपोरेशन कमिश्नर ने मैंडूस साइक्लोन को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने के संबंध में अधिकारियों से खास चर्चा भी की है और हर स्‍थ‍िति से न‍िपटने के ल‍िए तैयार रहने के ल‍िए भी कहा है.