नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। Gujarat Vidhan Sabha Election Date 2022: चुनाव आयोग ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गुजरात विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे और नतीजे 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश चुनाव के साथ ही घोषित होंगे। पहले चरण की वोटिंग एक दिसंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। पहले चरण के लिए अधिसूचना 5 नवंबर को और दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 10 नवंबर को जारी की जाएगी।

चुनाव आयोग ने बताया है कि गुजरात में 18 फरवरी 2023 को विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल खत्म हो रहा है। इस बार 4 करोड़ 90 लाख 89 हजार 765 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2 करोड़ 53 लाख से ज्यादा पुरुष मतदाता और 2 करोड़ 37 लाख से ज्यादा महिला मतदाता हैं। इस बार कुल पोलिंग स्टेशन 51 हजार 782 होंगे।

चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि गुजरात में इस बार 4.9 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे। 51782 मतदान केंद्र पर मतदान होगा। 142 मॉडल मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। दिव्यांगों के लिए 182 विशेष पोलिंग स्टेशन बनाया जाएगा। महिलाओं के लिए 1274 पोलिंग स्टेशन होंगे।